Awaaz India TV
Uncategorized

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेश किया ‘मोदी 3.0 प्लान’, बोले- तीसरा कार्यकाल दूर नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार अपनी सरकार ‘मोदी 3.0’ बनने का भरोसा जताते हुए अगले पांच साल की रूपरेखा पेश की, जिसमें गरीबों, युवाओं, मध्यम वर्ग, किसानों, ऊर्जा आत्मनिर्भरता सहित विभिन्न क्षेत्रों के लक्ष्य रखे गए ताकि भारत 2047 तक ‘स्वर्णिम युग को छू सके.

राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को दी जाने वाली पांच लाख रुपये की बीमा सहायता आगे भी जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि परिवार में कोई एक व्यक्ति बीमार पड़ जाए तो परिवार मध्यम वर्ग से गरीबी में चला जाता है.

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘हम मुफ्त अनाज देते हैं और देते रहेंगे, चाहे किसी को बुरा लगे.’’ उन्होंने कहा कि 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकले हैं और नव मध्यम वर्ग में आए हैं. उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं उस जीवन से निकल कर आया हूं और मुझे मालूम है कि उन्हें इसकी जरूरत है, इसलिए यह योजना जारी रहेगी.’’

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘मेरी गारंटी है कि गरीबों को इलाज के लिए पांच लाख रुपये तक की सुविधा आगे भी मिलती रहेगी.’’ उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत छूट से मध्यम वर्ग और गरीबों को जो दवाएं मिल रही हैं, वे भी जारी रहेंगी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों को मिलने वाली सम्मान निधि की राशि जारी रहेगी ताकि वे विकास की यात्रा में ताकत के साथ जुड़ जाएं. उन्होंने कहा कि गरीबों को पक्के मकान देने का सरकार का कार्यक्रम जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि यदि परिवार बढ़ता है तो उन्हें नया पक्का मकान दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि उनकी पक्की गारंटी है कि नल से जल योजना, शौचालय बनवाने की योजना जारी रहेगी.

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘ये सब काम तेजी से जारी रहेंगे क्योंकि विकास की जो दिशा हमने पकड़ी है, उसे किसी भी कीमत पर धीमी नहीं होने देंगे.’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल दूर नहीं है. कुछ लोग इसे ‘मोदी 3.0’ कहते हैं. मोदी 3.0 विकसित भारत की नींव को मजबूत करने के लिए पूरी शक्ति लगा देगा.’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगले पांच साल तक वह नींव रखी जाएगी जिससे 2047 तक भारत स्वर्णिम युग को छूने लगेगा.’’

पीएम मोदी ने कहा कि अगले पांच साल में डॉक्टरों और मेडिकल कॉलेजों की संख्या पहले की तुलना में कई गुना बढ़ेगी और इलाज सस्ता और सुलभ हो जाएगा. उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में हर गरीब के घर में नल से जल पहुंचेगा. उन्होंने कहा कि गरीबों को प्रधानमंत्री आवास के तहत पक्के मकान दिए जाएंगे और एक भी गरीब इससे वंचित नहीं रहे, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा.

उन्होंने कहा, ‘‘अगले पांच साल सौर ऊर्जा से बिजली बिल जीरो… यदि ठीक से काम करेंगे तो अपने घर बिजली बनाकर कमाई करेंगे. पूरे देश में पाइप से गैस का नेटवर्क बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा.’’

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले पांच वर्ष में पूरी दुनिया देश की युवा शक्ति को देखेगी. उन्होंने कहा कि युवाओं के स्टार्ट अप्स और यूनीकार्न की संख्या लाखों में होने वाली है. उन्होंने कहा कि अगले पांच सालों में देश से रिकार्ड पेटेंट करवाए जाएंगे.

पीएम मोदी ने कहा देश के मध्यम वर्ग के बच्चे शिक्षा के लिए विदेश जाते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस बात का प्रयास करेगी कि देश के विश्वविद्यालय विश्व स्तर के हों ताकि देश के बच्चे यहां पढ़ सकें और उनके परिवार का पैसा बच सके. पीएम मोदी ने कहा कि अगले पांच साल में ऐसी कोई खेल स्पर्धा नहीं होगी, जिसमें भारत का झंडा नहीं फहरेगा और विश्वभर में देश की युवा शक्ति की पहचान अवश्य होगी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले पांच साल में देश की परिवहन व्यवस्था पूरी तरह रूपांतरित होगी. अगले पांच साल में देश बुलेट ट्रेन भी देखेगा और वंदे भारत ट्रेनों की संख्या में वृद्धि भी होगी. प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए उनकी सरकार अधिक से अधिक काम करेगी. उन्होंने कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक का प्रयोग और नैनो प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने की भी बात कही.

Related posts

बसपा से निलंबित लोकसभा सांसद दानिश अली ने ‘हेट स्पीच’ के खिलाफ कानून की मांग लोकसभा में उठाई

Awaaz India TV

Mental Health in Workplace: मानसिक स्वास्थ्य एक महत्वपूर्ण चिंता

Awaaz India TV

रिजर्व बैंक ने लगातार छठी बार रेपो दर को 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा

Awaaz India TV

Mr and Mrs Mahi : Mahendra के किरदार में झलकेंगे Rajkumar Rao।

Awaaz India TV

महाराष्ट्र : उद्धव ठाकरे गुट के नेता अभिषेक घोसालकर की मौत पर गरमाई सियासत, उदय सामंत का बड़ा बयान

Awaaz India TV

Sharad Pawar के पोते रोहित पवार से पूछताछ कर रही है ईडी, एनसीपी पार्टी दफ़्तर में मौजूद हैं शरद पवार

Awaaz India TV

Leave a Comment