Sabarmati Express Derailed: उत्तर प्रदेश में कानपुर और भीमसेन स्टेशनों के बीच शनिवार सुबह साबरमती एक्सप्रेस के कम से कम 22 डिब्बे पटरी से उतर गए । सौभाग्य से, किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है। घटना के कारण सात ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और तीन का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। यात्रियों को कानपुर ले जाने के लिए बसों और एक मेमू ट्रेन सहित आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था की गई।
खबर के मुताबिक साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 19168 शुक्रवार की रात वाराणसी से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थी। शनिवार सुबह करीब 2.35 बजे ट्रेन जब कानपुर सेंट्रल से भीमसेन स्टेशन के बीच गोविंदपुरी स्टेशन के पास पहुंची तो पटरी पर रखा एक बोल्डर इंजन से टकरा गया। इसी के चलते इंजन का कैटल गार्ड मुड़ने से इमरजेंसी ब्रेक लग गए, जिससे ट्रेन के 22 कोच पटरी से उतर गए। हालांकि ट्रेन उस समय ज्यादा स्पीड में नहीं चल रही थी। इसके चलते किसी यात्री को ज्यादा चोट नहीं लगी। वैसे रात 1:20 बजे पटना-इंदौर ट्रेन बिना किसी दिक्कत के उसी ट्रैक से गुजरी थी। इस लिहाज से साजिश का भी अंदाजा लगाया जा रहा है। इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और उत्तर प्रदेश पुलिस भी घटना की जांच कर रही है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब भारत में रेल दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि हो रही है, जिसमें पिछले एक साल में सैकड़ों लोग मारे गए हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं आई है।
रात 1:20 बजे पटना-इंदौर ट्रेन बिना किसी दिक्कत के उसी ट्रैक से गुजरी थी।
साबरमती एक्सप्रेस के यात्री सो रहे थे, तभी तेज आवाज के बाद ट्रेन रुकी। यात्रियों ने बताया, “कानपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के कुछ ही देर बाद हमने तेज आवाज सुनी और कोच हिलने लगा। हम लोग बहुत डर गये, लेकिन आखिरकार ट्रेन रुक गई। जब ट्रेन पटरी से उतरी तो उसकी गति बहुत धीमी थी। जैसे ही ट्रेन रुकी, यात्री अपने कोच से बाहर निकलने लगे। ज़्यादातर लोग रेलवे ट्रैक के पास बैठकर मदद का इंतज़ार कर रहे थे और अपने परिवार वालों को फोन करके घटना की जानकारी दे रहे थे। पुलिस ट्रेन के पटरी से उतरने के लगभग एक घंटे बाद पहुंची।”
