यूपी पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले को प्रदेश की सियासत में उबाल देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी महासचिव शिवपाल सिंह यादव और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इस मुद्दे को लेकर एक दूसरे से भिड़ते नज़र आ रहे हैं। जहां एक तरफ़ केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी पुलिस भर्ती का परीक्षा पेपर लीक से होने से इनकार किया है तो वहीं शिवपाल सिंह यादव सूबे के उपमुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
शिवपाल यादव ने माईक्रो ब्लागिंग साईट एक्स पर लिखा कि, महर्षि वाल्मीकि ने लिखा है- ‘रामे शासति नानृताः.. अर्थात ‘‘राम के शासन में झूठ नहीं था,’’ यहां झूठ के सिवा कुछ नहीं है। पुलिस भर्ती में पेपर लीक मामले पर मा० उपमुख्यमंत्री जी का आप्तवचन..’
महर्षि वाल्मीकि ने लिखा है- रामे शासति नानृताः
— Shivpal Singh Yadav (@shivpalsinghyad) February 23, 2024
अर्थात ‘‘राम के शासन में झूठ नहीं था,’’ यहां झूठ के सिवा कुछ नहीं है।
पुलिस भर्ती में पेपरलीक मामले पर मा० उपमुख्यमंत्री जी का आप्तवचन… pic.twitter.com/skSgwNRt2A
दरअसल केशव प्रसाद मौर्य ने एक इंटरव्यू में दावा किया था उनकी सूचना में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है. साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं। अभी तक मेरी सूचना के हिसाब से कोई पेपर लीक नहीं हुआ. जिन्होंने इस प्रकार का प्रयास किया उन पर पुलिस नजर है। वो सब पकड़े जाएंगे। केशव प्रसाद मौर्य ने इस दौरान पूर्ववर्ती सपा सरकार पर जमकर हमला बोला और आरोप लगाते हुए कहा कि पेपर लीक की सपा सरकार में पैदा किया गया कैंसर हैं जिसे सरकार खत्म करने की कोशिश कर रही है।
ग़ौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा में अभ्यार्थियों ने धांधली का आरोप लगाया है, साथ ही दोबारा परीक्षा आयोजित करने की माँग कर रहे हैं। तो वहीं भर्ती बोर्ड की तरफ़ से इस मामले की जाँच के लिए अंतरिम जांच कमेटी गठित की गई है।
